मेरी ब्लॉग सूची : INDIAN ASTROLOGY

शनिवार, 27 फ़रवरी 2021

भारतीय ज्योतिष शास्त्र में विभिन्न प्रकार की दशा एवं उनका उपयोग - Different types of conditions and their use in Indian astrology


 जन्म कुण्डली देखने के लिए विभिन्न प्रकार की दशा का उपयोग किया जाता है ।और जिनके आधार पर  फलादेश करने में सटीकता आती है, क्योंकि अलग अलग तरह की दशाएं एक ही तरह के घटनाक्रम को जब दर्शाए तो ही उस घटना से संबंधित शुभ - अशुभ फल प्राप्त होते हैं । 

मुख्य रूप से विंशोंत्तरी दशा , अष्टोत्तरी दशा, कालचक्र दशा एवं योगिनी दशा का प्रचलन आज के समय में प्रचलित  है । इस के इलावा कुछ अन्य विशेष दशाएँ भी प्रचलन में हैं जैसे कि सुख साधनों के लिए सुदशा  , आध्यात्मिक कार्यो के लिए दृग्दशा एवं दुर्भाग्य, बीमारी, दुर्घटना, मृत्यु के लिए शूल दशा का उपयोग किया जाता है । 

 विंशोंत्तरी दशा -  खास कर कलियुग के इस समय में किसी भी कुण्डली पर इस दशा को लगाया जा सकता है , इस लिए आज के समय में हर किसी की जन्म कुण्डली में इस दशा का उपयोग किया जाता है, जिस से सामान्य जीवन के  शुभ - अशुभ फल का निर्धारण हो जाता है कि कब किसी के लिए समय अनुकूल है और कब समय प्रतिकूल  चल रहा है । जीवन के किसी भी विषय से संबंधित शुभ - अशुभ फलादेश इस दशा के माध्यम से किये जाते हैं ।

अष्टोत्तरी दशा - विंशोंत्तरी दशा  चक्र के बाद दूसरी महत्वपूर्ण दशा है अष्टोत्तरी दशा चक्र, यह दशा चक्र विंशोंत्तरी दशा  के समान ही फलादेश करने में सक्षम है । जीवन के सभी तरह के विषय से संबंधित शुभ - अशुभ फलादेश इस दशा चक्र के माध्यम से भी किये जाते हैं , इस दशा को किसी भी जन्म कुण्डली पर लगाने के कारण इस प्रकार बताये गए हैं ।  अगर जातक का जन्म शुक्ल पक्ष के दिनों में दिन के समय का हो या फिर कृष्ण पक्ष के दिनों में रात्रि के समय का हो तो उस जातक की जन्म कुण्डली से संबंधित फलादेश करने के लिए अष्टोत्तरी दशा का उपयोग किया जाता है । 

कालचक्र दशा -  पाराशरी ज्योतिष यानी वैदिक ज्योतिष में विंशोंत्तरी दशा तथा अष्टोत्तरी दशा का उपयोग किया जाता है ।  जबकि जैमिनी ज्योतिष में कालचक्र दशा का उपयोग किया जाता है । इस दशा को जैमिनी चर दशा या राशि क्रम दशा भी कहा जाता है जिस में नवग्रहों की बजाए दशा राशियों के नाम पर जैसे कि मेष राशि महादशा , वृषभ राशि महादशा इस तरह 12 राशि एवं उनमें राशियों के ही अन्तर्दशा  क्रम अनुसार चलते हैं । इस तरह वर्तमान में चल रही किसी पर राशि दशा की शुभता अशुभता का निर्धारण उस राशि को देखने वाले ग्रहो की शुभ - अशुभता पर निर्भर करता है , जैसे कि नैसर्गिक अशुभ ग्रह ( मंगल, शनि, राहु, केतु ) किसी राशि पर दृष्टि दे रहे हो तो उस राशि की दशा अशुभ फल देती है , जबकि शुभ ग्रहों के दृष्टि प्रभाव में होने वाली राशि की दशा शुभ फल दशा के दौरान देती है । 

सुदशा - इस दशा का उपयोग भौतिक सुख सुविधाओं की प्राप्ति के लिए किया जाता है , जैसे कि अगर कोई घर खरीदना चाहता, कोई वाहन खरीदना चाहता हो , स्त्री सुख प्राप्ति जैसे विषयों में सफलता एवं असफलता का विचार इस दशा से किया जाता है । 

दृग्दशा  - इस दशा का उपयोग कुछ खास कार्य जैसे कि किसी की आध्यात्मिक तरक्की , कार्य सिद्धि , मन्त्र सिद्धि में सफलता के लिए विचार इस दशा चक्र से किया जाता है । जैसे कि अगर कोई आध्यात्मिक विषयो से जुड़ा हो, ज्ञान प्राप्ति की इच्छा रखता हो , विशेष फल प्राप्ति के लिए पूजा पाठ में लगा हुआ हो तो उस में सफलता या असफलता का विचार इस दशा से किया जाता है । 

शूल दशा  - इस दशा का उपयोग कुछ खास स्थिति जैसे कि अगर किसी पर समय सही ना चल रहा हो, कोई किसी गम्भीर बीमारी से पीड़ित हो, या फिर कोई धन से कष्ट में हो या फिर किसी पर विंशोंत्तरी दशा अनुसार मारक ग्रह की महादशा चल रही हो तो इस दशा का उपयोग किया जाता है । शूल दशा से किसी के दुर्भाग्य, अशुभ फल , रोग से पीड़ित या उस से बचाव आदि का विचार किया जाता है ।